कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी ने बैठक कर बनाई रणनीति
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी की सदर लोकल कमेटी की बैठक बुधवार को ताराचंद भवन में हुई। इसकी अध्यक्षता वरिष्ठ नेता रमेश गुलेरिया ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ आने वाले समय में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी मंडी सदर में एक जागरूकता अभियान चलाएगी। इसके साथ-साथ बेदखली के खिलाफ भी अभियान चलाया जाएगा।
सरकार से मांग की जाएगी कि जिनके पास भूमि नहीं है, उन्हें दो बिस्वा भूमि मकान बनाने के लिए प्रदान की जाए और बेदखली न की जाए। जिले में नशे के धंधे के खिलाफ भी संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया गया। चिट्टा के खिलाफ जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश सरकार आर्थिक तंगी की बात करती है परंतु ऐसे समय में माननीय के वेतन और भत्ते बढ़ाना कहां तक तर्कसंगत है। 28 अप्रैल को मंडी सदर में बेदखली के खिलाफ व्यापक आंदोलन और जन रैली आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर सदस्य बीना वैद्य, गोपेंद्र, सुनीता, रीना, विनय, दीपक, पोविंदर आदि ने हिस्सा लिया। संवाद