पूर्व प्रधान, पूर्व बीडीसी सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता समेत छह उम्मीदवारों ने झोंकी ताकत
रमेश भारद्वाज
सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट उपमंडल के नवाही वार्ड में जिला परिषद चुनाव रोचक होता जा रहा है। 15 पंचायतों वाले इस वार्ड में छह उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने सेवानिवृत्त एसएचओ श्याम लाल को समर्थित प्रत्याशी बनाया है, जबकि पांच उम्मीदवार निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। राजनीतिक और सामाजिक पृष्ठभूमि के कारण मुकाबला कड़ा माना जा रहा है। तताहर निवासी राजेंद्र कुमार सूर्यवंशी दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले चुनाव में वह कम अंतर से हार गए थे। नवाही की सेवानिवृत्त अध्यापिका प्रवीण कुमारी भारद्वाज भी मैदान में हैं और पहले पंचायत प्रधान का चुनाव लड़ चुकी हैं।
रखोह निवासी सरसा देवी पूर्व बीडीसी सदस्य रह चुकी हैं। रोपड़ी के रमन कुमार पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं और युवा चेहरे के रूप में प्रचार कर रहे हैं। बसंतपुर निवासी विजय कुमार दो बार प्रधान और एक बार बीडीसी सदस्य रह चुके हैं, जिससे उन्हें मजबूत दावेदार माना जा रहा है। विधायक दलीप ठाकुर ने बताया कि भाजपा संगठन नवाही वार्ड में जीत के लिए पूरी मेहनत कर रहा है। नवाही वार्ड में देव ब्राड़ता, रोपड़ी, जंजैहल, प्रसदा हवाणी, संधोट, पपलोग, बसंतपुर, रखोह, जधरूं, बकारटा, दारपा, नबाही, जुकैण, खलारडू और बरच्छवाड़ पंचायतें शामिल हैं। चुनाव प्रचार तेज होने के साथ क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां भी बढ़ गई हैं।