मंडी। नगर निगम क्षेत्र में पार्किंग के लिए स्थानों की तलाश की जाएगी। इसके लिए नगर निगम की ओर से जल्द उपयुक्त स्थानों को चिह्नित कर वहां पर पार्किंग स्थलों का निर्माण किया जाएगा। नए पार्किंग स्थलों के निर्माण से जहां शहर में यातायात व्यवस्था सुगम होगी, वहीं निगम के राजस्व में भी वृद्धि होगी। नगर निगम ने प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का आकलन पूरा कर लिया है। निगम की ओर से तैयार की गई प्रारंभिक रिपोर्ट में 36 करोड़ रुपये के नुकसान का आकलन किया है।
नगर निगम के आयुक्त रोहित राठौर ने मासिक बैठक में बताया कि शहर के चिह्नित हॉट स्पॉट की सफाई के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में विभिन्न हॉट स्पॉट स्थलों की सफाई की जा रही है। कचरे को अलग-अलग वर्गीकृत कर उसका वैज्ञानिक एवं सुरक्षित निष्पादन किया जा रहा है।
शहर में जहां पर बिजली के तारों का जंजाल बना हुआ है वहां पर तारों को भूमिगत किया जाएगा। बिजली बोर्ड और जलशक्ति विभाग के अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए किया सम्मानित
नगर निगम की मासिक बैठक में उत्कृष्ट कार्य के लिए कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में कनिष्ठ अभियंता सिद्वार्थ व रिषभ के साथ साथ गोपाल, सतीश गुलेरिया, करण शर्मा, गुरदेव, नरेंद्र , कमल राज, नीरज, जितेंद्र पटियाल, विनय कुमार, हरीश शर्मा व वरूण भारद्वाज को सम्मानित किया गया।
...............