मंडी के पड्डल में नगर निगम की ओर से कब्जे में ली गई दुकान। फाइल फोटो
मंडी। नगर निगम मंडी के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा 16 अप्रैल को पड्डल वार्ड में एक दुकान पर कब्जा करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में अब दुकानदार की शिकायत पर पुलिस थाना सदर में नगर निगम के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पीड़ित दुकानदार ने इस संबंध में 16 अप्रैल को ही पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी। अब करीब एक सप्ताह बाद सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।दुकानदार का कहना है कि यह दुकान उसके परिवार के पास बीते 25 वर्षों से है और वह नियमित तौर पर इसका किराया भी निगम को दे रहे हैं। इन सभी के दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में इस दुकान पर साथ लगता विशालकाय पेड़ गिर गया था, जिस कारण भारी नुकसान हुआ था।
दुकानदार का कहना है कि निगम यहां पर इसी दुकान की सुरक्षा के लिए डंगा लगा रहा था, जिसके लिए खोदाई की गई थी। खोदाई के कारण पेड़ गिरा और दुकान को भारी नुकसान पहुंचा। इस नुकसान की जानकारी निगम को दी गई थी और दुकान की मरम्मत की मांग भी की गई थी, लेकिन निगम ने इस संबंधी कोई कार्रवाई नहीं की और उन्हें अपने पैसों से मरम्मत कार्य को करवाना पड़ा, क्योंकि यहां रखा सामान खराब हो रहा था।
जब दुकान का मरम्मत कार्य पूरा हो गया तो निगम ने इस संबंध में नोटिस देने शुरू कर दिए। इसके जवाब देने के बाद निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बिना किसी पूर्व सूचना और नोटिस के 16 अप्रैल को दुकान में पहुंचकर ताले तोड़े और अंदर रखे सामान को उठाकर ले गए और यहां जबरन कब्जा कर लिया।
बता दें कि नगर निगम ने दुकान पर शराब के ठेके का बोर्ड भी लटका दिया था। पीड़ित दुकानदार ने हाईकोर्ट में भी याचिका दायर कर दी है। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी सागर चंद्र ने बताया कि मामले में नियमानुसार जांच की जा रही है।