बलद्वाड़ा (मंडी)। राजकीय महाविद्यालय बलद्वाड़ा में शनिवार को नशा निवारण कमेटी खुडला की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नागरिक अस्पताल बलद्वाड़ा के बीएमओ डॉ. अनिल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मुख्य वक्ता के रूप में सीएचसी चंदैश के डॉ. वीर विक्रम सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य संजय शर्मा ने की।
डॉ. अनिल, डॉ. वीर विक्रम ने चिट्टा नशा के दुष्प्रभावों और इससे होने वाले नुकसान के बारे में अपने अनुभवों को साझा किया। लोगों से विशेष रूप से युवा वर्ग से इस नशे से दूर रहने की अपील की गई। उन्होंने बताया कि यह नशा एक बार लग जाए तो छुटकारा पाना मुश्किल हो जाता है। अब तक सैकड़ों युवा इससे अपनी जान गंवा चुके हैं। इस अवसर पर सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय पंचायत सदस्यों, लोगों एवं कॉलेज विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकाल कर लोगों को नशाबंदी का संदेश दिया। संवाद