आचार संहिता के चलते इस बार पारंपरिक तरीके से मनाया जाएगा मेला
डीसी मंडी अपूर्व देवगन करेंगे भव्य शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
थुनाग (मंडी)। सराज घाटी का प्रसिद्ध और ऐतिहासिक जिला स्तरीय कुथाह मेला इस शुक्रवार से पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ शुरू होगा। चुनाव आचार संहिता के कारण इस बार आयोजन पूरी तरह पारंपरिक रीति-रिवाजों तक सीमित रहेगा। मेले का उद्घाटन मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन करेंगे। मेले की शुरुआत देवी-देवताओं के आगमन और ढोल-नगाड़ों की थाप पर निकलने वाली जलेब (शोभा यात्रा) से होगी, जिसमें महामाया और तुंगासी देवी की भव्य झांकी प्रमुख आकर्षण रहेगी। तीन दिवसीय इस मेले में सराज घाटी की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराएं देखने को मिलेंगी। इसके साथ ही यह मेला स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण है, जहां जंगलों से मिलने वाली कीमती गुच्छी का बड़ा व्यापार होता है।
थुनाग के एसडीएम एवं मेला कमेटी अध्यक्ष संजीत शर्मा ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी हैं। मेले के दौरान तीन सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होगा, जिनमें निकिता चौहान, पाल सिंह, राज ठाकुर, अजय चौहान, हनी नेगी, वर्षा ठाकुर सहित कई लोक कलाकार प्रस्तुति देंगे, जबकि विवेक राजटा, टिंटू रायजादा और अन्य कलाकार मुख्य आकर्षण रहेंगे। पुलिस बैंड की प्रस्तुति भी विशेष आकर्षण होगी।