बालीचौकी-थाची सड़क पर शालरी और शिल्ह नाला बना मुसीबत
हल्की बारिश में भी बंद हो रहा सड़क मार्ग
संवाद न्यूज एजेंसी
बालीचौकी (मंडी)। मानसून की पहली बारिश ने ही सराज क्षेत्र में लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। बालीचौकी-सुधराणी के साथ ही बालीचौकी-नौणा-थाची सड़क पर शालरी और शिल्ह नाला लोगों के लिए मुसीबत बन गए हैं। हालात यह हैं कि थोड़ी सी बारिश होते ही सड़क बंद हो जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, अध्यापकों, किसानों और आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार सुबह हुई मानसून की पहली बारिश के कारण शालरी और शिल्ह नाला में सड़क मार्ग बाधित हो गया। दैनिक जरूरतों के लिए बाजार जाने वाले लोगों के साथ-साथ स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ी। वहीं, किसानों और बागवानों के लिए अपनी उपज मंडी तक पहुंचाना चुनौती बन गया। सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र राणा ने कहा कि पिछली बरसात में इस नाले ने भारी तबाही मचाई थी। कई लोगों की उपजाऊ जमीन बर्बाद हो गई थी और इसी नाले के कारण आधा दर्जन से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा था। स्थानीय निवासी केसर सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग में कनिष्ठ अभियंताओं की कमी के कारण सड़कों का रखरखाव सही तरीके से नहीं हो पा रहा है। एक ही कर्मचारी पर अधिक कार्यभार होने से भी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पिछली बरसात का मलबा अभी भी खेतों और सड़क किनारे पड़ा हुआ है। अजय कुमार ने प्रशासन से इस समस्या को गंभीरता से लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शालरी और शिल्ह नाले पर स्थायी समाधान के लिए पुलियों का निर्माण किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को बार-बार परेशानी का सामना न करना पड़े।
बॉक्स
बरसात में सड़क बहाल रखने के लिए किया जा रहा कार्य
बालीचौकी-थाची सड़क पर बरसात के दौरान भी यातायात सुचारु रखने के लिए विभाग काम कर रहा है। इसकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है और उच्च अधिकारियों को भी अवगत करवा दिया गया है। -भूपेंद्र पाल, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग