जिला के ऐतिहासिक मुरारी देवी मेले का प उपायुक्त मंडी रिबन काट शुभारंभ करतेस्त्रोत : मंदिर प
सुंदरनगर (मंडी)। माता मुरारी देवी मंदिर के तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन के साथ एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी एवं एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने भी बतौर विशिष्ठ अतिथि के रूप में शिरकत की और माता मुरारी देवी का आशीर्वाद लिया।
माता मुरारी देवी सेवा समिति के प्रधान बृजलाल ठाकुर ने मुख्य अतिथि उपायुक्त मंडी सहित उनके साथ पधारे गण्यमान्यों का स्वागत किया। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने जनता को मेले की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मेले में आमंत्रित किए जाने के लिए माता मुरारी देवी सेवा समिति का आभार प्रकट किया। उपायुक्त मंडी ने मुरारी धार की हसीन वादियों को निहारा तथा कहा कि यह स्थान बहुत ही शांत, सुंदर और धार्मिक आस्था से ओत प्रोत है। उनके साथ तहसीलदार रिवालसर कृष्ण चंद भी मौजूद रहे।
मंदिर कमेटी के साथ प्रसिद्ध समाजसेवी जय सिंह ठाकुर ने उपायुक्त मंडी को एक मांग पत्र भी सौंपा जिसमें मंदिर परिसर के पार्क का सौंदर्यीकरण, बच्चों के लिए झूले, मंदिर के निर्माणाधीन भवन, सामुदायिक भवन तथा मंदिर परिसर की बाड़बंदी के कार्य के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने की मांग रखी। उपायुक्त मंडी ने इन मांगों को पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
स्थानीय महिला मंडलों सहित गायक रोशन लाल, कुलदीप कुमार, रमा धीमान और सुरेश सोहेल ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। माता मुरारी देवी मंदिर सेवा समिति के प्रधान बृजलाल ठाकुर ने बताया कि 27 मई को 5 लाख की अनुमानित इनामी राशि का दंगल करवाया जाएगा। इसमें एपीएमसी मंडी के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया बतौर मुख्य अतिथि होंगे। संवाद