बुजुर्ग सरनपत को कुर्सी पर बैठा कर सड़क मार्ग तक पहुंचाते ग्रामीण। स्रोत जागरूक पाठक
बालीचौकी (मंडी)। उपमंडल बालीचौकी में भूस्खलन से क्षेत्र की सड़कों और पेयजल योजनाओं को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शुक्रवार को मुराह पंचायत के गांव खनीउली से 70 साल के बुजुर्ग को बीमार होने के कारण लोगों ने कुर्सी से डंडों को बांध कर 10 किलोमीटर दूर सड़क तक थलौट पहुंचाया।
इसके बाद उसे इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल मंडी ले जाया गया। स्थानीय निवासी चोबे राम, लाल सिंह, श्याम सिंह आदि ने बताया कि क्षेत्र में खनीउली गांव में सरण बीमार हो गया। गांव को जोड़ने वाली मुराह-बाली सड़क क्षतिग्रस्त है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता भूपेंद्र पाल ने बताया कि बालीचौकी की मुख्य सड़कों को बहाल कर दिया है। ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों को बहाल करने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। संवाद