बग्गी (मंडी)। भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) की ब्यास-सतलुज लिंक परियोजना के किनारे बनी कच्ची सड़क स्थानीय लोगों के लिए वर्षों से मुसीबत बनी हुई है। सड़क पर उड़ने वाली धूल से न सिर्फ लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही, बल्कि कई घरों में यह स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का कारण भी बन चुकी है।
स्थानीयों का कहना है कि नहर निर्माण के लिए उनकी जमीनें कौड़ियों के भाव ली गई थीं, लेकिन बदले में बीबीएमबी ने मूलभूत सुविधाओं तक की सुध नहीं ली। लगभग आठ किलोमीटर लंबी इस सड़क पर बीबीएमबी ने केवल दो जगह पेवर्स डाले हैं, जबकि बाकी पूरा मार्ग कच्चा है। रोजाना सड़क से सैकड़ों वाहन गुजरते हैं, जिससे रिहायशी इलाकों पर धूल की मोटी परत जम जाती है।
बग्गी पंचायत के प्रधान विकास गुप्ता, कोट पंचायत के दीनूराम, सलवाहन के पंकज चौधरी, भयारटा की प्रिया जसवाल, मंदिर टांडा की लता देवी, नलसर के विनोद ठाकुर और दियारागी पंचायत के प्रधान बालक राम ने कहा कि गर्मियों में बीबीएमबी हर तीसरे दिन टैंकर से पानी का छिड़काव कर खानापूर्ति करता है। बाकी नौ महीने तक धूल ही धूल उड़ती रहती है।
प्रतिनिधियों ने मांग की है कि सड़क पर जल्द टारिंग करवाकर इसे पक्का बनाया जाए, ताकि लोगों को लंबे समय से झेली जा रही धूल की समस्या से मुक्ति मिले।
कोट्स
बीबीएमबी नहर किनारे कच्ची सड़क पर पेवर्स डालने का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही सड़क को पक्का किया जाएगा।
-वीर सिंह, कनिष्ठ अभियंता, बीबीएमबी उपमंडल कंसा दियारगी, सुंदरनगर