गोहर (मंडी)। सर्व देवता सेवा समिति के प्रधान के विवादास्पद बयान से उपजा विवाद माफी मांगने के बाद शांत हो गया है। मामले में बड़ादेव कमरुनाग की पूजा करने वाले लाठी समाज के खिलाफ विवादास्पद बयान दिया था। शुक्रवार को सर्व देवता सेवा समिति के प्रधान शिवपाल शर्मा धंग्यारा गलु पहुंचे और बड़ादेव के थहड़े पर बैठे लाठी समाज के सामने उन्होंने अपने शब्दों को वापस लिया।
सर्व देवता सेवा समिति के प्रधान शिवपाल शर्मा ने लाठी समाज के प्रति सोशल मीडिया चैनल पर विवादास्पद बयान दिया था। इस पर लाठी समाज तल्ख हो गया था। वीरवार को मामले में लाठी समाज के दो लोगों खेम सिंह और छांगू राम ने गोहर थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी। लाठी समाज ने समिति अध्यक्ष के खिलाफ आगामी कार्रवाई को लेकर धंग्यारा गलु में शुक्रवार को एक बैठक रखी थी। इसमें प्रस्ताव पास किया गया कि अगर समिति अध्यक्ष लाठी समाज के समक्ष सार्वजनिक माफी नहीं मांगते हैं तो उनके खिलाफ न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा। इस बीच शिवपाल शर्मा धंग्यारा गलु पहुंच गए और उन्होंने लाठी समाज के समक्ष अपने शब्दों को वापस लिया। उधर, देव कमरुनाग के गूर देवी सिंह ने समिति के प्रधान की ओर से लाठी समाज के समक्ष सार्वजनिक माफी मांगने की पुष्टि की है। सर्व देवता समिति के अध्यक्ष शिवपाल शर्मा ने बताया कि उन्होंने अनजाने में बयान दिया था। गूर देवी सिंह ने कहा कि मंडी महाशिवरात्रि के बहिष्कार को कोई बयान नहीं दिया है। संवाद