मंडी। प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने कहा कि पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत की आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का प्रमाण है। इस ऑपरेशन ने न केवल पाकिस्तान के आतंकी कैंपों को तबाह किया है, बल्कि पहलगाम हमले के दोषियों को उनके ही अड्डों में सजा देकर 140 करोड़ देशवासियों की भावनाओं का सम्मान किया है।
उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई इस संदेश के साथ आई है कि भारत अब किसी भी आतंकी हमले को नहीं भूलेगा और न ही उसे अनुत्तरित छोड़ेगा। अब हर हमले का जवाब दुश्मन की जमीन पर दिया जाएगा। जम्वाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सुरक्षा नीति में निर्णायक बदलाव आया है। पहले केवल बयान दिए जाते थे, अब जवाब दिए जाते हैं और वह भी दुश्मन की भाषा में।
उन्होंने जोर दिया कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और अब ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे अभियानों ने साबित कर दिया है कि भारत अब आतंकवाद के प्रति पूरी तरह असहिष्णु है। साथ ही उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सुरक्षा के मुद्दे पर राजनीति करने वालों को अब समझना चाहिए कि यह समय देश के साथ खड़े होने का है, न कि दुश्मनों के नैरेटिव को ताकत देने का। जम्वाल ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि भारत के धैर्य, शक्ति और संकल्प का प्रतीक है। देश को अपनी सेना और नेतृत्व पर गर्व है।