समिति की पहली बैठक में विकास कार्यों पर किया मंथन
संवाद न्यूज एजेंसी
सरकाघाट (मंडी)। विकास खंड गोपालपुर की नवगठित पंचायत समिति की पहली विशेष बैठक में विकास योजनाओं, प्रशासनिक कार्यों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बुधवार को पंचायत समिति कार्यालय सरकाघाट में आयोजित बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक की अध्यक्षता नवनिर्वाचित चेयरमैन पवन शर्मा ने की। इस दौरान उन्होंने बड़ा एलान करते हुए अपना पूरा मानदेय गरीब और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए समर्पित करने की घोषणा की।
चेयरमैन पवन शर्मा ने कहा कि पंचायत समिति का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के विकास को नई गति देना और जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के सामूहिक प्रयासों से विकास खंड गोपालपुर में विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा। जनप्रतिनिधि के रूप में समाज सेवा उनकी पहली जिम्मेदारी है। इसी भावना के तहत उन्होंने अपने पूरे मानदेय को गरीब और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए समर्पित करने का निर्णय लिया है।