धर्मपुर भाजपा ने सजाओपिपलू में दिया धरना
संघर्ष समिति ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। ग्राम पंचायत सजाओपिपलू में डॉ. भीमराव आंबेडकर भवन को जल जीवन मिशन के तहत प्रस्तावित निर्माण कार्य के लिए गिराने और भवन का नाम बदलकर बैडमिंटन हॉल रखने के प्रस्ताव के विरोध में बुधवार को धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य रजत ठाकुर ने किया।
संघर्ष समिति ने उपायुक्त मंडी, एसडीएम धर्मपुर, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग और खंड विकास अधिकारी धर्मपुर को सौंपे ज्ञापन में कहा कि जल जीवन मिशन के तहत करीब दो करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित निर्माण कार्य के लिए डॉ. भीमराव आंबेडकर भवन को गिराकर उसके स्थान पर बैडमिंटन हॉल बनाने तथा भवन से डॉ. आंबेडकर का नाम हटाने की जानकारी मिली है। समिति ने इस प्रस्ताव का कड़ा विरोध जताया है।
समिति अध्यक्ष चमनलाल ने बताया कि समिति ने मांग की है कि डॉ. भीमराव आंबेडकर भवन को गिराने का प्रस्ताव तत्काल रद्द किया जाए, भवन का नाम यथावत रखा जाए और यदि बैडमिंटन हॉल या अन्य निर्माण कार्य आवश्यक हैं तो इसके लिए ग्राम पंचायत की अन्य उपलब्ध सरकारी भूमि का चयन किया जाए। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को तेज करते हुए धरना-प्रदर्शन, चक्का जाम और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। धरने में पंचायत प्रधान निशांत ठाकुर, जोढन पंचायत प्रधान कर्मचंद, चस्वाल पंचायत प्रधान सुनील, रोशो पंचायत प्रधान जगतराम, उपप्रधान कमल किशोर, नीटुराम, बीडीसी सदस्य रतन चंद, यूनियन अध्यक्ष ज्वाला, रोशन गौतम, कर्म सिंह, हेमराज सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।