नगवाईं के पास 18 मई को घास काटते वक्त ब्यास में गिरी महिला का शव वीरवार को पंडोह बांध से बरामद हुआ। पंडोह बांध पर तैनात सीआईएसएफ के जवानों ने महिला के शव को देखा तो सूचना पंडोह पुलिस चौकी को दी।
पंडोह पुलिस चौकी और मंडी सदर थाना की टीम एसडीआरएफ के साथ मौके पर पहुंची और महिला के शव को पानी से निकाला। शव को पोस्टमार्टम और शिनाख्त के लिए जोनल अस्पताल मंडी भेजा गया। भुंतर थाना से ज्ञात हुआ कि एक महिला 18 मई को ब्यास में गिर गई थी। इसके आधार पर महिला के परिजनों को शिनाख्त के लिए जोनल अस्पताल मंडी लाया गया।
महिला के बेटे रविंद्र सिंह ने शव की शिनाख्त की
शव की पहचान मीरा देवी पत्नी दिवंगत लुदर चंद निवासी थरास डाकघर हुरला तहसील भुंतर जिला कुल्लू के रूप में हुई है। महिला के परिजनों ने थाना में शिकायत भी दर्ज करवाई थी। एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद इसे परिजनों के हवाले कर दिया गया है।