गोहर (मंडी)। उपमंडल के माता चामुंडा मंदिर कांढीधार (स्यांज) परिसर में रविवार सुबह दुगराई बासा पंचायत की दीक्षा देवी पत्नी सुनील कुमार का शव फंदे से लटका हुआ मिला है। पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है।
दीक्षा देवी कुछ महीनों से अपने मायके स्यांज क्षेत्र के ग्वाड़ गांव में रह रही थी। सुबह मंदिर के बाहर से गुजर रहे लोगों ने जब मंदिर की छत से महिला को लटके देखा तो पुलिस को सूचना दी। गोहर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतका के पिता जीवा नंद ने आरोप लगाया है कि उनका दामाद सुनील कुमार रात को दीक्षा को बहला-फुसलाकर ले गया था। ग्वाड़ पंचायत के प्रधान सोहन लाल ने महिला की मौत को संदेहास्पद बताया है।
घटना को लेकर मायका और ससुराल पक्ष मौके पर ही आमने-सामने हो गए। एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। मायका पक्ष ने दीक्षा के पति सुनील कुमार, उसके माता-पिता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करवाया और मामले को सुलझाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम तकनीकी साक्ष्य एकत्र कर रही है। गोहर पुलिस थाना प्रभारी देशराज ने बताया कि मामले में निष्पक्ष जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फॉरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। संवाद