जोगिंद्रनगर (मंडी)। मंडी के पुलघराट में हुए गोलीकांड मामले में नामजद उत्तर प्रदेश के दो आरोपी जोगिंद्रनगर से चोरी बाइक में करीब आठ माह तक घूमते रहे। पुलिस चोरी की वारदात सुलझाने में हवा में सुराग तलाशती रही। सब जेल मंडी में बंद मुजफ्फरनगर (यूपी) के दोनों आरोपियों ने पुलिस थाना जोगिंद्रनगर में हुई गहन पूछताछ में खुलासा किया कि सितंबर 2024 में जोगिंद्रनगर शहर के नजदीकी क्षेत्र से एक बाइक चोरी की। स्थानीय पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एक और एफआईआर दर्ज की है। हैरत की बात है कि सितंबर 2024 में जोगिंद्रनगर से चोरी हुई बाइक मंडी जिले की ही सड़कों पर दौड़ती रही, लेकिन पुलिस को भनक नहीं लग पाई।
23 मार्च 2025 को मंडी के पुलघराट में हुए गोलीकांड मामले में दो भाइयों मोहम्मद अजमल (25) और आजम (19) की संलिप्तता पाई गई। इन पर जिला कांगड़ा के पंचरुखी में भी एक अन्य बाइक चुराने का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने चुराई गई दोनों बाइकों को गोलीकांड के आरोपियों से बरामद कर लिया है।
आरोपियों को जोगिंद्रनगर पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लाई थी। उधर, पुलिस थाना जोगिंद्रनगर के प्रभारी सकीनी कपूर ने बताया कि अदालत से दो दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपियों से पूछताछ की गई है। शुक्रवार को न्यायालय में दोबारा पेश करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में फिर सब जेल मंडी पहुंचा दिया गया है। बताया कि पुलिस ने चोरी हुई बाइक बरामद कर ली है।
000