मुख्यमंत्री को सौंपा 15 सूत्रीय मांग पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। हिमाचल प्रदेश सर्व टीजीटी महासंघ ने शिक्षकों के वेतनमान, वरिष्ठता और सेवा संबंधी विसंगतियों को दूर करने की मांग उठाई है। महासंघ के राज्य प्रधान सुनील ठाकुर की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मंडी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से हेलिपैड पर मुलाकात कर 15 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
इस दौरान महासंघ ने टीजीटी शिक्षकों के वेतनमान में विसंगतियां दूर करने, वरिष्ठता सूची से जुड़े मामलों का निपटारा करने और अन्य लंबित सेवा संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को सुना। इस मौके पर महासंघ ने उनका पारंपरिक हिमाचली टोपी, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल में राज्य संरक्षक योगेश कुमार, मंडी जिला प्रधान जगदीश शर्मा, महासचिव स्मृति ठाकुर, राज्य उपप्रधान प्रमिला ठाकुर, राजेश कुमार शर्मा, प्रेस सचिव अनिल कुमार तथा जिला कार्यकारिणी सदस्य महेश कुमार और तेज सिंह ठाकुर मौजूद रहे। महासंघ ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी।