मंडी-नेरचौक में आपूर्ति प्रभावित, पंडोह से आपातकालीन सेवाओं को दी गई वैकल्पिक बिजली
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। कांगू 132 केवी सब स्टेशन में बुधवार को तकनीकी खराबी आने से सदर मंडी और नेरचौक समेत आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। जिले में सुबह करीब साढ़े सात बजे से दोपहर तीन बजे तक बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए विद्युत बोर्ड की टीम दिनभर जुटी रही और करीब तीन बजे समस्या का समाधान होने के बाद सामान्य बिजली आपूर्ति बहाल की गई। आपूर्ति बाधित होने के दौरान मंडी शहर में आपातकालीन सेवाओं को बिजली उपलब्ध करवाने के लिए 11:30 बजे पंडोह से वैकल्पिक व्यवस्था की गई। इसमें अस्पताल, उपायुक्त कार्यालय समेत अन्य आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता दी गई, ताकि महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित न हों।
वहीं, बैकअप व्यवस्था के लिए इस्तेमाल होने वाली शानन जलविद्युत परियोजना की 66 केवी लाइन भी बुधवार सुबह बाधित हो गई। शानन जलविद्युत परियोजना के मैनेजर संदीप कुमार ने बताया कि बिजनी के पास सुबह करीब 6:30 बजे पेड़ गिरने से 66 केवी लाइन बंद हो गई थी। इसके चलते मंडी शहर को मिलने वाली वैकल्पिक बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। विद्युत कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर पेड़ की कटाई का कार्य किया और शाम करीब पौने पांच बजे लाइन को दोबारा चालू कर दिया। शानन जलविद्युत परियोजना की इस 66 केवी लाइन से मुख्य रूप से मंडी शहर को ही बिजली आपूर्ति की जाती है
बाक्स
कांगू सब स्टेशन की खराबी और शानन लाइन पर पेड़ गिरने के कारण बुधवार को बिजली व्यवस्था पर दोहरी मार पड़ी। बोर्ड की ओर से वैकल्पिक व्यवस्थाओं के जरिये आपातकालीन सेवाओं को बिजली उपलब्ध करवा दी गई थी। -रजनीश कुमार, मुख्य अभियंता विद्युत बोर्ड, मध्य जोन मंडी