मामले में कोई कार्रवाई न होने पर पिता ने राष्ट्रपति से लगाई न्याय की गुहार
कहा, पुलिस, प्रशासन ने नहीं की कार्रवाई, शिक्षक बना रहे मामले को दबाने का दबाव
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थाची में नौवीं कक्षा में पढ़ रहे एक छात्र पर एक शिक्षक की ओर से चोरी का आरोप लगाकर उसे पीटने का मामला सामने आया है। छात्र के पिता ने यह आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन ने जब उसकी शिकायत पर गौर नहीं की तो उन्होंने इसकी शिकायत राष्ट्रपति से की है और न्याय की गुहार लगाई है।
उधर, राष्ट्रपति कार्यालय में शिकायत स्वीकृत हो चुकी है। पीड़ित छात्र के पिता ने बताया कि अब जल्द ही वहां से कार्रवाई की उम्मीद है। पिता ने बताया कि बेटे के साथ मारपीट होने के बाद बच्चा स्कूल भी नहीं जा रहा और उसके साथ जो छात्र रहते हैं वे भी इस घटना के बाद सहमे हुए हैं। कहा कि जब वह पुलिस में गया तो वहां पर भी उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। स्कूल में भी उस पर ही दोषारोपण हुआ। वहीं, संबंधित शिक्षक और अन्य शिक्षकों पर भी उसने दुर्व्यवहार और मामले को लेकर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। उसने आरोप लगाया कि स्कूल के अध्यापक उसे धमकियां दे रहे हैं, वहीं पुलिस भी थाने में बुलाकर उस पर ही दबाव डाल रही है। छात्र के पिता इंद्र शर्मा ने राष्ट्रपति से गुहार लगाई है कि मामले की जांच स्थानीय पुलिस के बजाय अन्य पुलिस अधिकारियाें से करवाई जाए।
इधर, इस बारे में उच्च शिक्षा उप निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि मामला शनिवार को ही छात्र के पिता ने उनके समक्ष लाया है। इस पर मौके पर ही स्कूल के प्रधानाचार्य को आदेश दिए गए हैं कि मारपीट के बाद स्कूल नहीं आ रहे छात्रों के घर जाकर उनमें आत्म विश्वास पैदा करें और मारपीट के आरोपों पर जवाब-तलब किया जाए। कहा कि जल्द ही चुनाव के बाद मामले की जांच के लिए अधिकारी की तैनाती की जाएगी।