जोनल अस्पताल मंडी से टीबी मुक्त हिमाचल कार्यक्रम के तहत 100 दिन का सघन अभियान के शुभारंभ पर व
मंडी। जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए छेड़े गए अभियान का शुभारंभ अतिरिक्त उपायुक्त रोहित राठौर ने शनिवार को किया। जोनल अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि टीबी इलाज योग्य है, समय रहते इसका उपचार संभव है। उन्होंने 100 दिन के इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के सभी विभागों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ ग्रामीण विकास विभाग, पंचायती राज संस्थाएं तथा शैक्षणिक संस्थानों सहित रेडक्राॅस सोसायटी के सर्वे के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर जाकर लोगों में टीबी के लक्षणों की जांच की जाएगी। लक्षण पाए जाने पर तुरंत उपचार की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने जोनल अस्पताल मंडी से निक्षय वाहन तथा ऑटो रिक्शा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह निक्षय वाहन 100 दिनों तक जिले के सभी 11 स्वास्थ्य खंडों में जाकर लोगों को टीबी रोग के लक्षण तथा उपचार के बारे में जागरूक करेगा। इस दौरान उन्होंने टीबी चैंपियनों को प्रमाणपत्र और स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीबी मुक्त भारत के लिए शपथ भी दिलाई। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अरिंदम राय ने बताया कि इस दौरान 16 कैटेगरी में टीबी के संभावित मरीजों की पहचान की जाएगी।
निक्षय योजना के तहत टीबी रोगी को 1000 रुपये प्रतिमाह प्रोत्साहन राशि तथा निक्षय मित्र के माध्यम से पोषाहार किट भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस अवसर पर सीएमओ मंडी डॉ. नरेंद्र भारद्वाज, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश ठाकुर, विश्व स्वास्थ्य संगठन की सलाहकार डॉ. श्रुति राजन, एमएस डॉ. डीसी वर्मा, ग्रामीण विकास विभाग के जिला विकास अधिकारी जीसी पाठक आदि मौजूद रहे। संवाद