जलती टैक्सी। स्त्रोत : जागरूक पाठक
आईआईटी कमांद से मंडी आ रहे थे छह प्रशिक्षु
दमकल वाहन पहुंचने तक पूरी तरह जलकर राख हुई टैक्सी
धुएं के गुब्बार उठे
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। कटिंडी के पास बुधवार शाम चलती टैक्सी में अचानक आग लग गई। टैक्सी में चालक समेत सात लोग सवार थे। आग लगते ही चालक और छह प्रशिक्षु बाहर निकल आए और अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी टैक्सी को चपेट में ले लिया, जिससे वाहन जलकर राख हो गया। आग से उठते धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार मंडी शहर की पैलेस कॉलोनी निवासी अंकित की टैक्सी उसका भाई राहुल चला रहा था। आईआईटी प्रबंधन ने इस टैक्सी को किराये पर लिया था। बुधवार को राहुल छह प्रशिक्षुओं को लेकर आईआईटी कमांद से मंडी की ओर आ रहा था। शाम करीब सवा चार बजे कटिंडी से लगभग एक किलोमीटर दूर टैक्सी में अचानक आग लग गई। खतरे को भांपते हुए चालक और सभी प्रशिक्षु तुरंत वाहन से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र मंडी से दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक टैक्सी पूरी तरह जल चुकी थी। अग्निशमन केंद्र मंडी के फायरमैन प्रदीप कुमार ने घटना की पुष्टि की। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।