जिला मंडी के डडौर में जांच के दौरान आबकारी विभाग ने किया वॉल्वो बसों से बिना टैक्स का सामान बरा
सुंदरनगर (मंडी)। वोल्वो बसों में टैक्स चोरी कर व्यापारियों का माल ढोने का धंधा खूब फल फूल रहा है। इससे सरकार को जीएसटी चोरी कर आर्थिक चूना लगाया जा रहा है। आबकारी विभाग जिला मंडी की टीम ने सोमवार रात और मंगलवार को डडौर में नाका लगा कर 45 वोल्वो बसों की जांच कर 10 मामलों में भारी मात्रा में टैक्स चोरी कर मंडी-कुल्लू की ओर ले जाया जा रहा सामान जब्त किया है। छह मामलों का विभाग ने 1.5 लाख रुपये जुर्माना वसूल कर निपटारा कर दिया है, जबकि चार मामलों में कार्रवाई जारी है।
जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश आबकारी विभाग मंडी जिला की टीम को सूचना मिली कि वोल्वो बसों में टैक्स चोरी कर धड़ल्ले से सामान ला सरकार को राजस्व का चूना लगाया जा रहा है। इसके बाद विभाग ने सहायक आयुक्त जगदीश सैनी के नेतृत्व में डडौर में सोमवार रात और मंगलवार सुबह नाका लगा कर 45 वोल्वो बसों की जांच की गई। इनमें से 10 मामलों में विभाग की टीम ने भारी मात्रा में डिक्की में लाया जा रहा सामान बरामद किया।
ई-वे बिल पेश न करने पर विभाग ने छह मामलों में 1 लाख 5 हजार रुपये जुर्माना लगा कर निपटारा कर दिया है। जबकि 4 मामलों में अभी कार्रवाई जारी है। विभाग ने इस मामले में संबंधित सामान भी जब्त कर मंडी कार्यालय में कब्जे में रख लिया है। सहायक आयुक्त जगदीश सैनी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि 45 वोल्वो बसों की जांच में कुल 10 में से 6 मामलों का निपटारा कर दिया है, जबकि चार जांच और निपटान के लिए लंबित हैं।
जीएसटी अनियमिताओं पर लगाया 25 हजार का जुर्माना
जोगिंद्रनगर (मंडी)। शराब माफिया पर शिकंजा कसते हुए राज्य कर एवं आबकारी विभाग सर्कल जोगिंद्रनगर ने मंगलवार को दो मामलों में 60 बोतल देसी और अंग्रेजी शराब बरामद की है। वहीं, जीएसटी की अनियमितताएं पाने पर 25 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया है। जानकारी के मुताबिक सहायक आयुक्त एवं आबकारी अधिकारी संगीता गुरंग, निरीक्षक डेविड एम मोहन और राजेश कुमार ने लडभड़ोल क्षेत्र में छापेमारी कर एक मामले में 35 लीटर अवैध शराब (लाहन) बरामद की है। दूसरे मामले में 20 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। इस पर दोनों मामलों में केस दर्ज कर लिया है। वहीं, टीम ने हार्डवेयर का सामान लेकर जा रही एक गाड़ी को जांच के लिए रोका तो इसमें सामान में जीएसटी संबंधी अनियमितताएं पाई गई। इस पर टीम ने मौके पर ही 25 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया है।
जिला मंडी के डडौर में जांच के दौरान आबकारी विभाग ने किया वॉल्वो बसों से बिना टैक्स का सामान बरा