जोगिंद्रनगर (मंडी)। स्नातक स्तर की फाइनल ईयर की परीक्षाओं को लेकर युवा कांग्रेस मुखर हो गई है। मंगलवार को युवा कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ ठाकुर और कॉलेज के विद्यार्थियों ने धरना दिया। उन्होंने कहा कि सरकार और शिक्षा विभाग ऑनलाइन परीक्षाएं लें। प्रथम और द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को प्रमोट किया जाए। अगर उनकी मांगों को नहीं माना गया तो दो दिन के बाद कॉलेज के विद्यार्थियों को साथ लेकर भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
कहा कि जिन छात्रों के अभिभावकों की कोरोना के चलते मृत्यु हुई है, उन छात्रों की 1 वर्ष की कॉलेज फीस माफ की जाए।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ ठाकुर ने कहा कि इससे पूर्व सरकार और विश्वविद्यालय को स्थानीय एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर मांगें पूरी करने का आह्वान किया था, जिस पर सुनवाई न होने के कारण उन्हें धरने प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उनके साथ धरने पर बैठे रोहित ठाकुर, प्रशांत, कर्ण, निर्भय और किशू ने कहा है कि अगर उनकी मांगों को अनसुना किया गया तो वे भूख हड़ताल और हाईवे जाम करेंगे।
मिनी सचिवालय के मुख्यद्वार पर करीब पांच घंटे तक युवा कांग्रेस का धरना प्रदर्शन जारी रहा। उसके बाद एसडीएम अमित मेहरा के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ।
000