हमीरपुर। प्रतापगली में दर्जी का काम करने वाले मोहम्मद हमजा की पुलिस रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उसे वीरवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने सहारनपुर निवासी हमजा (21) को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। सदर थाना पुलिस ने सोमवार शाम उसे कथित देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया था।
केंद्रीय और राज्य की खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर हमजा की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। आरोप है कि वह सोशल मीडिया अकाउंट्स के माध्यम से कथित देश विरोधी सामग्री और भड़काऊ पोस्ट साझा कर रहा था। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अदालत से आरोपी का तीन दिन का रिमांड हासिल किया। इस दौरान मामले से जुड़े तथ्यों और उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की गई। रिमांड पूरा होने पर वीरवार दोपहर पुलिस ने उसे फिर अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत के आदेश हुए। हमजा पिछले कुछ समय से हमीरपुर की प्रतापगली में एक दुकान पर दर्जी का काम कर रहा था। पुलिस और खुफिया एजेंसियां मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही हैं। एएसपी हमीरपुर राजेश उपाध्याय ने बताया कि अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं।