जोगिंद्रनगर स्थित बस्सी पन विद्युत परियोजना। संवाद
जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल जोगिंद्रनगर में हिमाचल राज्य की 66 मेगावाट पन विद्युत परियोजना के बस्सी स्विचयार्ड में स्थापित 16 एमबी ट्रांसफार्मर के ओवरहीट हो गया। इससे मारंडा, गवाली और जोगिंद्रनगर विद्युत मंडल के अधीन आने वाले सब स्टेशनों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इस खराबी के कारण सरकारी और निजी अस्पतालों में उपचाराधीन मरीजों, विशेषकर ऑक्सीजन स्पाॅट पर चल रहे मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बिजली की सुविधा ठप होने से शहर और गांवों में उपभोक्ताओं को बिजली से जुड़े कार्यों में कठिनाई हुई। सरकारी कार्यालयों, डाकघरों और बैंकिंग सेवाओं पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ा। शुक्रवार को दोपहर तीन बजे के करीब पावर हाउस के नजदीक स्थित स्विचयार्ड ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से ओवरहीट हो गए, जिससे बिजली की सप्लाई प्रभावित हुई। दुरुस्त करने का प्रयास देर शाम करीब 6 बजे तक जारी रहा, जिससे जोगिंद्रनगर, बैजनाथ और पालमपुर तक ब्लैकआउट की स्थिति बनी रही।
उधर, विद्युत मंडल जोगिंद्रनगर के अधीक्षण अभियंता पूर्ण चंद ने बताया कि बस्सी पन विद्युत परियोजना के ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खराबी के चलते उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि, जोगिंद्रनगर शहर के कुछ क्षेत्रों में वैकल्पिक बिजली आपूर्ति प्रदान की गई, लेकिन ग्रामीण इलाकों में बिजली सेवाएं घंटों तक ठप रही।
बस्सी पन विद्युत परियोजना के एआरई जितेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर में खराबी आने के कारण हजारों उपभोक्ताओं को समस्याओं का सामना करना पड़ा, लेकिन परियोजना के कर्मियों ने मरम्मत कार्य को जल्द पूरा करने के यथासंभव प्रयास किए हैं।