संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। जिले में इस वर्ष पकड़ी गई 143.180 ग्राम चिट्टे की सबसे बड़ी खेप मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। कुल्लू निवासी युवक और युवती को अदालत ने पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चिट्टा अमृतसर से कुल्लू लाया जा रहा था।
पुलिस आरोपियों के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, बैंक लेनदेन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर अंतर्राज्यीय ड्रग नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं तथा युवती का इस्तेमाल तस्करी के लिए तो नहीं किया जा रहा था। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच जारी है।