थुनाग (मंडी)। नाचन विधानसभा क्षेत्र की शाली पंचायत के नावड़ा गांव में पत्नी के साथ हुई कहासुनी के बाद पति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस और पंचायत प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह रमेश कुमार और उसकी पत्नी भावना के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बेटी ने हस्तक्षेप कर दोनों को शांत किया। इसके बाद बेटी पढ़ने चली गई। पति-पत्नी भी अपने-अपने काम में लग गए। काम निपटाने के बाद भावना कमरे में गई तो रमेश ने दरवाजा बंद करके बाहर से ताला लगा दिया। इसके बाद खुद दूसरे कमरे में जाकर रस्सी से फंदा लगा लिया। बेटी पढ़ाई कर अपने कमरे से बाहर आई तो पिता को फंदे पर लटका देखकर शोर मचाया।
शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर इकट्ठे हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचित किया और ताला तोड़कर भावना को कमरे से बाहर निकाला। उधर, थाना प्रभारी बल्ह राजेश ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि रमेश की बेटी और पत्नी के बयान कलमबद्ध किए गए हैं।