मंडी। जिला में शनिवार को धूप खिली लेकिन दुश्वारियां कम नहीं हुईं। विभिन्न क्षेत्रों में अभी भी 63 संपर्क सड़कें अवरुद्ध चल रही हैं। बिजली के करीब 51 ट्रांसफार्मर बंद रहे। कई क्षेत्रों में बिजली बहाल नहीं हो पाई है। लोगों को अंधेरे में रहना पड़ रहा है। दिनभर सड़क और ट्रांसफार्मर बहाली का कार्य चलता रहा।सब डिवीजन थलौट में 24, सराज में 15, करसोग में 14, मंडी दो में एक और पधर सब डिवीजन में नौ सड़कें अवरुद्ध चल रही हैं।
इनमें एक एमडीआर और 62 ग्रामीण सड़कें हैं। अवरुद्ध सड़कों को बहाल करने के लिए 63 जेसीबी समेत लेबर जुटी हुई है। जोगिंद्रनगर में 40, करसोग में छह और थलौट में पांच बिजली ट्रांसफार्मर ठप चल रहे हैं। पेयजल योजनाएं फिलहाल सुचारु चल रही हैं। कीरतपुर-मनाली फोरलेन के तहत मंडी से पंडोह के बीच भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
शनिवार को यातायात निर्बाध जारी रहा लेकिन पहाड़ी से गिरा मलबा हर किसी को डरा रहा है। नौ मील में यातायात एकतरफा चल रहा है। उधर, उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि बाधित सड़कों को खोलने के लिए विभागीय टीमें लगी हुई हैं। जल्द इन्हें बहाल कर दिया जाएगा। संवाद