सुंदरनगर नगर परिषद :बाड़ी कुलाड़ा वार्ड में तिकोना हुआ मुकाबला
निर्दलीय के मैदान में उतरने से बदले समीकरण संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर नगर परिषद का वार्ड-1 बाड़ी कुलाड़ा इस बार भी तिकोने मुकाबले के लिए तैयार है। एक तरफ भाजपा ने समर्थित उम्मीदवार एमएड पास राकेश चंचल पर दांव खेला है, तो वहीं कांग्रेस ने विनोद कुमार को मौका दिया है। इस मुकाबले में निर्दलीय धनी राम के आने से अब लड़ाई तिकोनी हो गई है। इस बार यह वार्ड अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। वार्ड की कुल मतदाता संख्या 1213 है। पुरुष मतदाता 590 और महिला मतदाता 623 हैं। हालांकि, पुरुष-महिला मतदाताओं में केवल 33 का अंतर है। फिर भी चुनावी समीकरण में महिलाओं की भागीदारी अहम भूमिका निभाएगी।
पिछली बार का नतीजा
कल्पना वर्मा (भाजपा समर्थित) 400 मत
शैलजा (कांग्रेस समर्थित) 269 मत
वंदना, निर्दलीय, 169 मत
वार्ड नंबर एक में सबसे बड़ा मुद्दा सड़क का है। पूरे सुंदरनगर को जोड़ने वाली सर्कुलर रोड इसी वार्ड में आती है लेकिन पिछले साल बरसात ने सड़क को इतना बदहाल किया कि यह मुख्य सड़क गांव के लिंक रोड से भी बदतर है।
पंकज गुलेरिया, स्थानीय निवासी
वार्ड की समस्याओं को लेकर उम्मीदवार दावे तो बहुत कर रहे हैं लेकिन इस वार्ड की बदहाली को कौन सही समझेगा, हमारा वोट उसी को जाएगा। चाहे वह किसी भी दल का समर्थित हो।
हिमाचली देवी, स्थानीय निवासी