सुंदरनगर (मंडी)। नगर परिषद सुंदरनगर ने वर्ष 2025-26 के लिए कार्यकाल का आखिरी बजट पेश किया।
नगर परिषद ने 21.78 करोड़ रुपये का बजट पारित किया है। इसमें से 17.49 करोड़ रुपये व्यय करने का लक्ष्य तय किया गया है। बजट में किसी भी तरह के नए कर का प्रावधान नहीं किया गया है।
यह शहरवासियों के लिए बड़ी राहत है। बजट में शहर को सुंदर, स्वच्छ और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाओं में पैसा खर्च किया जाएगा। इसमें 15वें वित्त आयोग के तहत पांच करोड़ रुपये, स्वच्छ भारत मिशन के तहत 20 लाख रुपये, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 80 लाख खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा अन्य मदों पर भी यह खर्च प्रस्तावित किया है। नगर परिषद के अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने बताया कि नगर परिषद अपने आय के स्रोत बढ़ाने के लिए पहले से ज्यादा सशक्त हुई है। यही वजह है कि गृह कर से ही इस बार तीन करोड़ की आय प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
पिछले वर्षों में यह आय 30 से 35 लाख होती थी। बीते वर्ष नगर परिषद ने गृहकर से दो करोड़ तक आय अर्जित की है। शहर की पार्किंग से 40 लाख रुपये तक आय कमाने का लक्ष्य रखा गया है। बताया कि शहर में पुस्तकालय में सुविधाओं को बढ़ाने के लिए तीन लाख के करीब खर्च किया जाएगा। इस मौके पर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी हितेश शर्मा, उपाध्यक्ष रक्षा धीमान, कल्पना वर्मा, विनोद सोनी, शिव सिंह सेन आदि माैजूद रहे।