सुंदरनगर (मंडी)। नागरिक अस्पताल सुंदरनगर में रोजाना आ रहे पीलिया के मामलों को लेकर अस्पताल प्रबंधन सतर्क हो गया है। जल शक्ति विभाग ने भी लोगों को एहतियात बरतने, घरों, शिक्षण और प्रशिक्षण संस्थानों, कार्यालयों में रखी टंकियों की साफ-सफाई करने का आग्रह किया है।
बीते सप्ताह पीलिया से पीड़ित मरीजों की संख्या एक दर्जन से अधिक थी, लेकिन विभागीय सतर्कता और लोगों की जागरूकता के चलते अब यह आंकड़ा कम होने लगा है।
अभी अलग-अलग स्थानों से दो-तीन मरीज पहुंच रहे हैं। बीते सप्ताह सामने आए पीलिया मामले अलग-अलग जगहों से थे। बीते सप्ताह नागरिक अस्पताल सुंदरनगर में एक साथ करीब एक दर्जन से अधिक लोगों में पीलिया के लक्षण पाए गए थे। जांच करने पर कुछ मरीजों में हेपेटाइटिस ए के लक्षण पाए गए हैं। इन्हें अस्पताल में भर्ती करवा कर उपचार दिया गया है। स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया है। अस्पताल आ रहे मरीजों में से अभी भी दो-तीन मरीजों में पीलिया के लक्षण देखने को मिल रहे हैं।
उधर, सिविल अस्पताल सुंदरनगर के एसएमओ डाॅ. चमन ठाकुर ने बताया कि बीते दिनों मामले सामने आए थे। इन्हें उपचार दिया गया है। कुछ मरीज स्वयं नेरचौक मेडिकल कॉलेज जा रहे हैं। किसी को रेफर नहीं किया गया है।
...
विभाग समय-समय पर जल स्रोतों के सैंपल लेता है। गर्मी के मौसम में जल जनित रोगों से बचाव को लेकर लोगों को घरों, संस्थानों और कार्यालयों में रखी टंकियों को साफ करना चाहिए। विभाग की तरफ से भोजपुर से शिकायत मिलने के बाद पानी के स्रोत से सैंपल जांच में सही पाए गए हैं।
-रजत शर्मा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग सुंदरनगर