मंडी। प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देश के बाद अब महाराजा लक्ष्मण सेन स्मारक महाविद्यालय (एमएलएसएम) सुंदरनगर ने नए भवन में शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने की कवायद आरंभ की है। एमएलएसएम काॅलेज प्रबंधन कमेटी ने बुधवार को बैठक बुलाई है। इस भवन का शैक्षणिक कार्यों में किस तरह इस्तेमाल किया जाना है, के बारे में निर्णय लिया जाएगा।
सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) ने इस भवन में एमबीए, एमसीए और एमए की कक्षाएं शुरू करने का निर्णय लिया था। इसके साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डाटा साइंस मशीन लर्निंग में बीटेक कोर्सेज को शुरू करने की योजना थी। लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक कंप्यूटर लैब को सुंदरनगर कैंपस में स्थापित करने के लिए औपचारिकताएं पूरी कर ली गई थीं। करीब डेढ़ करोड़ रुपये का फर्नीचर और अन्य समान भी खरीदा गया है।
इसके अतिरिक्त पीएचडी एवं एमएससी कोर्सों के अंतर्गत शोध कार्यों के लिए करीब 14 करोड़ के उपकरण भी सरदार पटेल यूनिवर्सिटी ने हाल ही में खरीदे हैं। एसपीयू की परीक्षा शाखा का रिकाॅर्ड भी इस कैंपस में रखा हुआ है। प्रदेश सरकार के आदेशों के बाद सुंदरनगर कैंपस के भवन को खाली किया जा रहा है। एक-दो दिन में सुंदरनगर स्थित परिसर को खाली करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
एसपीयू कैंपस शिफ्ट होने से सुंदरनगर को नुकसान
छात्र संगठन एनएसयूआई के पूर्व में जिला अध्यक्ष रहे अनित जसवाल ने कहा है कि सुंदरनगर से एसपीयू का कैंपस शिफ्ट नहीं होना चाहिए। अगर क्लस्टर विश्वविद्यालय के इस भवन को एमएलएसएम काॅलेज के सुपुर्द कर दिया है तो एसपीयू कैंपस को सुंदरनगर में ही अन्य किसी भवन में चलाया जाना चाहिए। पूर्व में तकनीकी विश्वविद्यालय को हमीरपुर शिफ्ट किया गया था, अब एसपीयू के कैंपस को यहां से शिफ्ट किया जा रहा है।
...
सरकार ने क्लस्टर विवि के समय निर्मित भवन को महाराजा लक्ष्मण सेन स्मारक महाविद्यालय के सुपुर्द करने के निर्देश जारी किए है। बुधवार को काॅलेज में कमेटी की बैठक बुलाई गई है। इसमें कई बिंदुओं पर चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा। लैब का सामान, फर्नीचर और अन्य सामान एसपीयू को सौंप दिया जाएगा।
-डा.. कामेश्वर, प्राचार्य, एमएलएसएम सुंदरनगर
000