देउरी के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन पर राजनीति का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। एबीवीपी ने द्रंग विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देउरी के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन को लेकर प्रदेश सरकार पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। भवन तैयार होने के बावजूद विद्यार्थियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है और इसे तत्काल छात्रों के लिए खोला जाना चाहिए।
परिषद के प्रदेश संयोजक विशाल ठाकुर ने एक बयान में कहा कि देउरी स्कूल के नए भवन का उद्घाटन शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर को करना था लेकिन अंतिम समय में उन्हें उद्घाटन करने से रोक दिया गया। इसके बाद उद्घाटन पट्टिका भी हटा दी गई। इससे विद्यार्थियों को नए भवन में पढ़ाई शुरू होने के लिए और इंतजार करना पड़ेगा। साल 2023 की आपदा में जिले के पांच सरकारी स्कूल पूरी तरह बह गए थे। इनमें देउरी स्कूल भी शामिल था। उस दौरान कांग्रेस नेता प्रियंका वाड्रा ने क्षेत्र का दौरा किया था। आरोप लगाया कि स्कूल का उद्घाटन उनसे करवाने की योजना के चलते शिक्षा मंत्री का कार्यक्रम रोका गया। हालांकि, इस संबंध में सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। तैयार भवन होने के बावजूद छात्रों को उससे वंचित रखना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सरकार से स्कूल भवन को बिना किसी देरी के विद्यार्थियों के लिए खोलने और शिक्षा से जुड़े मामलों में राजनीति नहीं करने की मांग की।