प्रदेश शिक्षा विभाग ने रद्द की सीबीएसई स्कूल में मर्ज की अधिसूचना
शिक्षकों और अभिभावकों में खुशी
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। सदी पुराने राजकीय बाल पाठशाला जोगिंद्रनगर में फिर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के पाठ्यक्रम के तहत पढ़ाई होगी। शिक्षा विभाग ने स्कूल को सीबीएसई पाठ्यक्रम में मर्ज करने की अधिसूचना रद्द कर क्षेत्रवासियों को राहत दी है। नए सत्र में 10वीं और 12वीं कक्षा की पढ़ाई प्रदेश शिक्षा बोर्ड के पाठ्यक्रम के अनुसार होगी। वहीं, सीबीएसई स्कूल में मजबूरी में दाखिला ले चुके विद्यार्थियों को भी प्रदेश शिक्षा बोर्ड के पाठ्यक्रम में पढ़ाई का अवसर मिलेगा।
मार्च और अप्रैल में राजकीय बाल पाठशाला को आदर्श कन्या पाठशाला जोगिंद्रनगर में सीबीएसई पाठ्यक्रम में मर्ज किए जाने से विद्यार्थियों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। अब शिक्षा विभाग ने शहरी क्षेत्र के एक स्कूल को सीबीएसई और दूसरे को प्रदेश शिक्षा बोर्ड के पाठ्यक्रम के तहत संचालित करने का निर्णय लिया है।
कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर ने निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि जोगिंद्रनगरवासियों की मांग को उन्होंने सरकार के समक्ष उठाया था। मुख्यमंत्री ने मामले पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों स्कूलों को अलग-अलग पाठ्यक्रम के तहत संचालित करने का निर्णय लिया है।
राजकीय बाल पाठशाला के पूर्व प्रधानाचार्य गोपाल ने कहा कि स्कूल में दोबारा प्रदेश शिक्षा बोर्ड का पाठ्यक्रम लागू होने से विद्यार्थियों का भविष्य बेहतर होगा। व्यापार मंडल अध्यक्ष भास्कर गुप्ता ने शताब्दी पुराने स्कूल को फिर प्रदेश शिक्षा बोर्ड के पाठ्यक्रम में संचालित करने के लिए सरकार, शिक्षा विभाग और कांग्रेस नेता का आभार जताया।
बाॅक्स
जोगिंद्रनगर के सदी पुराने सरकारी स्कूल में प्रदेश शिक्षा बोर्ड का पाठ्यक्रम फिर लागू होने से विद्यार्थियों को अब घर द्वार पर ही शिक्षा ग्रहण करने के अवसर प्रदान होंगे। अब विद्यार्थियों को अन्य स्कूलों का रुख नहीं करना पड़ेगा। -सन्नी, अभिभावक जोगिंद्रनगर।
शहर के सबसे पुराने राजकीय बाल व कन्या पाठशाला को सीबीआई पाठ्यक्रम में मर्ज होने से दोनों स्कूल के विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई के चयन करने में असमंजस की स्थिति का सामना करना पड़ रहा था। अब विद्यार्थी अपनी इच्छानुसार पाठ्यक्रम का चयन कर सरकारी स्कूलों पढाई कर सकेंगे। - गोपाल सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य
जोगिंद्रनगर शहर के एक स्कूल को सीबीआई दूसरे स्कूल को प्रदेश शिक्षा बोर्ड का पाठ्यक्रम का दर्जा मिलना सरकार व शिक्षा विभाग का सराहनीय फैसला है। अब दोनों स्कूलों में विद्यार्थी अपनी रुचि के तहत शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे। - उमेश कुमार, अभिभावक