समिति अध्यक्ष संजीव गुलेरिया ने विभागों से योजनाओं की जमीनी प्रगति की ली जानकारी
कोटली में योजना विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समिति की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटली (मंडी)। कोटली उपमंडल में अधूरे पड़े विकास कार्यों को लेकर अब तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। योजना विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समिति के अध्यक्ष एवं एपीएमसी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया ने बुधवार को समीक्षा बैठक में अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और अगली बैठक तक अधिक से अधिक योजनाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों की नई और पहले से स्वीकृत विकास योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। संजीव गुलेरिया ने अधिकारियों से योजनाओं की कागजी प्रगति के साथ मौके पर काम की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने पूर्ण योजनाओं का ब्योरा देने के साथ अधूरे कार्यों में आ रही बाधाओं और समस्याओं से भी समिति को अवगत करवाया।
संजीव गुलेरिया ने कहा कि योजनाएं तभी सार्थक हैं, जब उनका लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचे। उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय से समस्याओं का समाधान करने और विकास कार्यों में अनावश्यक देरी से बचने के निर्देश दिए।
बैठक में भविष्य में किए जाने वाले विकास कार्यों की जानकारी भी अधिकारियों ने समिति के समक्ष रखी। इससे पहले एसडीएम कोटली जगदीश चंद, तहसीलदार सार्थक शर्मा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संजीव गुलेरिया का स्वागत किया।