सुंदरनगर (मंडी)। नगर परिषद सुंदरनगर से पंजीकृत रेहड़ी-फड़ी धारकों का 4 लाख का सामाजिक सुरक्षा बीमा होगा। किसी भी स्थिति में मृत्यु होने पर बीमा राशि उनके स्वजनों को दी जाएगी। नगर परिषद सभागार में नगर विक्रय समिति की बैैठक में यह जानकारी कार्यकारी अधिकारी अशोक शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि रेहड़ी-फड़ी धारकों के अधिकारों को सुनिश्चित करने और उन्हें इस संदर्भ में जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए बैठक का आयोजन किया गया। सुंदरनगर नगर परिषद की नगर विक्रय समिति में 85 के करीब रेहड़ी-फड़ी धारक हैं। इनमें से करीब 45 को नगर परिषद की ओर से लाइसेंस प्रदान किए जा चुके हैं जबकि अन्य को लाइसेंस देने की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा रेहड़ी-फड़ी धारकों के हिमकेयर कार्ड भी बनाए जाएंगे। इसके तहत बीमारी होने पर उनका इस योजना के तहत 5 लाख तक का उपचार पूरी तरह से नि:शुल्क होगा। इन सभी योजनाओं के बारे में उन्हें अधिक से अधिक जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए वित्तीय साक्षरता शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
अशोक शर्मा ने बैठक में समिति सदस्यों का आह्वान किया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत मिलने वाली 10 हजार रुपये की राशि का लाभ लेने के लिए वे लोकमित्र केंद्रों में प्रार्थना पत्र शीघ्र जमा करवाएं ताकि यह राशि उनके खाते में जमा करवाई जा सके। पार्षद दिनेश शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस, जलशक्ति, लोक निर्माण, स्वास्थ्य, पीएनबी, एसबीआई और यूको बैंक के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
000