भांबला (मंडी)। सरकाघाट-घुमारवीं स्टेट हाईवे पर लावारिस पशुओं की लड़ाई आम लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। आए दिन स्टेट हाईवे, चौराहों और भांबला, भोलुघाट, कैंचीमोड, पौंटा, खुडला बाजारों में लावारिस पशुओं की भिड़ंत से लोग चोटिल हो रहे हैं। यातायात भी बाधित हो रहा है। स्थिति यह हो गई है कि हर मुख्य मार्ग, चौराहाें और बाजार पशुओं के अखाड़े बन गए हैं।
मंगलवार सुबह भोलुघाट मार्ग पर दो बैलों की भिड़ंत होने से स्थानीय लोग और वाहन चालकों को रुकना पड़ा। इससे स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अन्य यात्रियों को अपने गंतव्यों तक पहुंचने में परेशानी हुई। कुछ युवाओं ने हिम्मत दिखाते हुए इन पशुओं को हटाया तब यातायात बहाल हो सका। स्थानीय पंचायत उप प्रधान रमेश ठाकुर, अशोक कुमार, रामदित्ता, सीता राम, अनिल कुमार आदि ने बताया कि लावारिस पशु आए दिन सड़कों पर भिड़ते रहते हैं। इससे यातायात भी प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रदेश सरकार और संबंधित विभागों के अधिकारियों से इन पशुओं को सड़कों से हटाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। संवाद