धर्मपुर (मंडी)। गर्मी के मौसम में लोगों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है। वहीं, दूसरी ओर विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही से हजारों लीटर पानी सड़क में बह रहा है जिससे सड़क भी उखड़ गई है। स्योहधार-गहरा उठाऊ पेयजल योजना से स्योह, सकलाना, खनौड़ व सिधपुर पंचायत के लोगों को पेयजल की आपूर्ति होती है लेकिन भंडाराण टैंक अकसर ओवरफ्लो हो रहा है। इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।
स्थानीय लोगों जगदीश चंद, कुलवंत सिंह, राजकुमार, रमेश चंद, विजय पाल, देश राज, अमर सिंह, जोगिंदर सिंह, संत राम, राजेश कुमार, भाग सिंह, तारा चंद, तिलकराज, मनोज कुमार, प्यार चंद, भूरी सिंह, रतन, सुनील व अन्य ने बताया कि विभागीय कर्मचारियों की लापरवाही के कारण बार-बार यह भंडारण टैंक ओवरफ्लो हो रहा है। इसकी शिकायत विभाग को पहले से की है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि टैंक ओवरफ्लो होने से सड़क भी खराब हो रही है और पेयजल व्यर्थ बह रहा है। उधर, जलशक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता योगेश कपूर ने कहा कि उनके ध्यान में यह मामला अभी आया है। वह इसकी जांच करेंगे और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई अमल पर लाई जाएगी।