करसोग (मंडी)। श्री सत्य साईं बाबा के पावन शताब्दी जन्मोत्सव के उपलक्ष्य पर बुधवार रात श्री सत्य साईं प्रेम प्रवाहिनी दिव्य रथ यात्रा ऐतिहासिक नगरी पांगणा पहुंची। पांगणा बाजार में रथ यात्रा का स्थानीय निवासियों ने पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया। सभी जिलों से आए 39 स्वयंसेवकों ने लगभग 300 स्थानीय श्रद्धालुओं को साईं का संदेश दिया। श्री सत्य साईं सेवा समिति मंडी के किशोरी लाल शर्मा, कुंदन लाल शर्मा और स्थानीय प्रबंधक सुरेश गुप्ता ने बताया कि रथ यात्रा का प्राथमिक उद्देश्य देश के हर कोने में दिव्य प्रेम और एकता के संदेश को पहुंचाना है। प्रातः काल नगर कीर्तन के साथ प्रभात फेरी का भव्य आयोजन किया गया।
वीरवार को श्री साईं सेवा संगठन की ओर से नेत्र एवं दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें डाॅ. शिव मन्हास ने दंत रोगियों, राहुल जसवाल, डीएस जमवाल और वाईपी सरीन ने नेत्र रोगियों की जांच की। सत्य साईं सेवा संगठन के तत्वावधान में लगे चिकित्सा शिविर में नेत्र रोग के 82, दंत रोग के 26 रोगियों सहित कुल 108 मरीजों की जांच की। पांगणा-सुुकेत के पूर्णमल महाजन, डाॅ. जगदीश शर्मा ने छात्राओं को सम्मानित किया। संवाद