मंडी। सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) मंडी की कबड्डी (पुरुष) टीम गलगोटियास विश्वविद्यालय नोएडा में आयोजित होने वाली अंतर विश्वविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना हुई। कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी तथा खेल एवं युवा कार्यक्रम के निदेशक आचार्य राजेश कुमार शर्मा ने टीम को शुभकामनाएं दीं।
कुलपति ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना के साथ अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन देने का संदेश दिया। प्रथम बार सरदार पटेल विश्वविद्यालय स्वतंत्र रूप से खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग ले रहा है। इससे पूर्व विश्वविद्यालय के खिलाड़ी हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के बैनर तले विभिन्न गतिविधियों में भाग लेते थे। इस ऐतिहासिक पहल का श्रेय कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी को जाता है, जिन्होंने विश्वविद्यालय में खेल निदेशालय की स्थापना कर इन गतिविधियों को सुदृढ़ रूप से आरंभ करने का दायित्व आचार्य राजेश कुमार शर्मा को सौंपा।
टीम के 14 खिलाड़ियों के साथ कोच धर्मपाल एवं प्रबंधक डॉ. बलबीर सिंह मांगटा भी साथ गए हैं। टीम 7 अक्तूबर को अपना प्रथम मुकाबला चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ की टीम के साथ खेलेगी। इस अवसर पर खेल कार्यकारी बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार, उपाध्यक्ष डाॅ. प्रवेश शर्मा तथा कार्यकारी सदस्य डाॅ. सुनील सेन भी उपस्थित रहे। संवाद