मंडी। सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) मंडी ने लगभग दो महीने के बाद विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम जारी किया लेकिन परिणाम अधूरा निकाला गया। इससे विद्यार्थी परेशान हो गए। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष अनित जसवाल ने कड़ा विरोध जताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया।
अनित जसवाल ने कहा कि एनएसयूआई ने शुक्रवार शाम तक पूरा परिणाम घोषित करने का अल्टीमेटम दिया था। शनिवार सुबह से विद्यार्थियों की सप्लीमेंट्री परीक्षाएं शुरू होनी थीं। विरोध की आशंका को देखते हुए विश्वविद्यालय ने जल्दबाजी में केवल आधे विषयों का ही परिणाम घोषित कर दिया जबकि शेष परिणाम घोषित करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रशासन विरोध से घबराकर आधा-अधूरा परिणाम निकाल रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय को एक हफ्ते के भीतर शेष परिणाम घोषित करने का अल्टीमेटम दिया है। यह मांग भी रखी गई कि पूरा परीक्षा परिणाम एक साथ घोषित किया जाए ताकि विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। संवाद