पड्डल मैदान में हॉकी मैच में दमखम दिखाते खिलाड़ी।
- फोटो : Mandi
मंडी। महाशिवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता मंगलवार को संपन्न हो गई। समापन समारोह की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने की। इस मौके पर पुरुष वर्ग में स्पोर्ट्स हॉस्टल सुंदरनगर और मंडी पुलिस के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया।
इसमें स्पोर्ट्स हॉस्टल सुंदरनगर ने 2-0 से जीत हासिल की। महिला वर्ग में सुकेत स्पोर्ट्स क्लब सुंदरनगर और स्वर्ण आभा क्लब मंडी के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। इसमें स्वर्ण आभा क्लब मंडी ने 2-1 से मैच जीतकर खिताब पर कब्जा कर लिया।
हॉकी प्रतियोगिता के सहसचिव एवं सहायक आचार्य डॉ. सुनील सेन ने बताया कि हॉकी प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को मुख्यातिथि ने सम्मानित किया। पुरुष वर्ग की विजेता टीम स्पोर्ट्स हॉस्टल सुंदरनगर को 11 हजार एवं ट्रॉफी और उपविजेता टीम मंडी पुलिस को 5100 रुपये के साथ ट्रॉफी भेंट की।
इसके साथ महिला वर्ग में विजेता को 2100 और उपविजेता को 1100 रुपये एवं ट्रॉफी भेंट की। इस मौके पर हॉकी एसोसिएशन के सचिव दलीप सिंह ठाकुर, चीफ कोच कुबेर चंद शर्मा, संध्या शर्मा, प्रवीण शर्मा, प्रदीश शर्मा, प्रदीप सेन, भूपेंद्र सेन एवं अन्य मौजूद रहे।