तैयारियों के लिए समीक्षा बैठक में की चर्चा, जिम्मेदारियां सौंपी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस-2026 के आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को डीआरडीए सभागार मंडी में अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती की अध्यक्षता में मंगलवार को समीक्षा बैठक हुई। बैठक में 7 और 8 अक्तूबर को होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम में छात्राओं के लिए बालिका खेल महोत्सव के तहत रस्साकशी, टेबल टेनिस, बैडमिंटन और शतरंज प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा निबंध, पोस्टर और स्लोगन लेखन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी तथा चयनित प्रतिभागियों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मिशन शक्ति, मिशन वात्सल्य, सक्षम आंगनबाड़ी और पोषण-2.0 सहित विभिन्न योजनाओं के सूचना स्टॉल लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता, साइबर सुरक्षा और कानूनी जागरूकता के साथ महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
बालिकाओं की शिक्षा, समानता, सुरक्षा और गरिमा पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगी। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय बदरेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।