खुली सिगरेट बेचने पर 5000 रुपये जुर्माना
करसोग में फ्लाइंग स्क्वायड ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
करसोग (मंडी)। खाद्य सुरक्षा और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करसोग में फ्लाइंग स्क्वायड ने बरल, चुराग और माहूंनाग मेले में छापा मारकर नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान कई दुकानदारों के चालान काटे गए, जबकि खराब और अस्वच्छ खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। संयुक्त अभियान में खंड चिकित्सा अधिकारी करसोग डॉ. गोपाल चौहान, खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त एलडी. ठाकुर, फूड सेफ्टी ऑफिसर सचिन और पुलिस इंस्पेक्टर अशोक कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने सबसे पहले बरल क्षेत्र में दबिश देकर तंबाकू नियंत्रण कानून का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के चालान किए।
इसके बाद फ्लाइंग स्क्वायड ने माहूंनाग मेले में मिठाई, आइसक्रीम, ठंडे पेय पदार्थ और टैटू स्टॉल्स की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर खाद्य सामग्री अस्वच्छ परिस्थितियों में पाई गई, जिस पर कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही नष्ट करवाया गया तथा संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
चुराग क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान खुले रूप से सिगरेट बेचने वाले एक दुकानदार पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों और तंबाकू नियंत्रण नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोपाल चौहान ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रखना तथा जनता को स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।