मंडी। नगर परिषद सरकाघाट के बैहड़ वार्ड में बुधवार सुबह सवा छह बजे एक तेज रफ्तार टिपर ने सड़क पर पैदल चल रहे युवक को कुचल दिया। इससे युवक की मौके पर मौत हो गई है। मृतक की पहचान रितेश शर्मा (33) पुत्र बसंत सिंह, निवासी डबरोग के रूप में हुई है। पुलिस ने टिपर चालक को हिरासत में ले लिया है। चालक के खिलाफ ओवर स्पीड़ वाहन चलाने और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार सुबह रितेश रोजाना की तरह बरछवाड़ में अपने होटल के लिए पैदल ही जा रहा था। इस दौरान पीछे से तेज रफ्तार टिपर ने उसे टक्कर मार दी, इसके बाद बुरी तरह से कुचल दिया। हादसे में शरीर के चिथड़े उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टिपर इतनी तेज रफ्तार में था कि सड़क किनारे रखी पानी की टंकी को रौंदते हुए आगे निकल गया और टेलीफोन के खंभे से टकरा कर सड़क पर ही पलट गया।
घटना के बाद टिपर चालक मौके से फरार हो गया। वहां से गुजर रहे लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। वहीं सूचना मिलने पर रितेश के परिजन और ग्रामीणों घटना स्थल पर पहुंच गए। वहीं, सरकाघाट पुलिस घटनास्थल पर थोड़ी देरी से पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया और सरकाघाट अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
वहीं, पुलिस ने मौके से फरार हुए टिपर चालक कृष्ण चंद को हिरासत में ले लिया है। टिपर चालक कृष्ण चंद गांव बडाल, डाकघर गोपालपुर जिला मंडी का रहने वाला है। डीएसपी संजीव गौतम ने कहा कि टिपर चालक को हिरासत में ले लिया है। उसके विरुद्ध तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने और हत्या करने का मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।