पुरानी मंडी में त्रिलोकी नाथ मंदिर में सफाई अभियान चलाते अधिकारी व स्थानीय लोग। संवाद
मंडी। एक जून को लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के जिला के आला अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के साथ स्वच्छता श्रमदान कर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। स्वीप कार्यक्रम के तहत स्वच्छता के लिए श्रमदान जरूरी और स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मतदान जरूरी थीम पर बुधवार को मंडी विधानसभा क्षेत्र के तहत नगर निगम एरिया में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अधिकारी सुबह ही स्थानीय लोगों के साथ साफ-सफाई करने निकल पड़े। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने वार्ड-1 जवाहर नगर, एडीसी रोहित राठौर वार्ड-8 नजदीक राम मंदिर, एसडीएम ओम कांत ठाकुर ने वार्ड-11 नजदीक गोल पौड़ी में स्थानीय लोगों के साथ सफाई की। वहीं, निगम के आयुक्त एसएस राणा ने चौहटा बाजार और सह आयुक्त विकास शर्मा ने वार्ड 15 में स्थानीय लोगों के साथ सफाई की।
सहायक निर्वाचन अधिकारी ओम कांत ठाकुर ने बताया कि स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाताओं को जागरूक करने के लिए नगर निगम एरिया और ग्राम पंचायतों में लोगों के सहयोग से सार्वजनिक जगहों की साफ-सफाई की गई। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वच्छता अभियान में शामिल होकर लोगों ने जो संदेश दिया है, उसका परिणाम शत प्रतिशत मतदान के रूप में सामने आएगा। उन्होंने बताया कि अब 18 मई को मंडी मैराथन रन फॉर वोट करवाई जाएगी।
12 बजे तक घरों से नहीं उठा कूड़ा, पार्षदों ने डाले फोटो
बुधवार सुबह जिला निर्वाचन आयोग की ओर से स्वच्छता अभियान के चलते वार्डों में दोपहर 12 बजे तक घरों से कूड़ा नहीं उठ पाया। सफाई कर्मचारी अधिकारियों के साथ स्वच्छता अभियान में शामिल रहे। इसके चलते घरों के बाहर बोरों में रखे कूड़े पर कुत्ते और लावारिश पशु मुंह मारते दिखे। खास बात है कि नगर निगम के कुछ पार्षद भी सोशल मीडिया पर कूड़ा न उठाने के फोटो भेजते रहे, जबकि आचार संहिता के चलते वार्डों में सफाई करना जरूरी नहीं समझा। नगर निगम के सफाई पर्यवेक्षक सतीश गुलेरिया ने बताया कि स्वच्छता अभियान के चलते बुधवार सुबह कूड़ा उठाने में देरी हुई थी। बाद में सभी घरों से कूड़ा उठा दिया।