रामशिला स्थित मकान में फोटो स्टूडियो जला, पीज और सोयल में सुलग उठे जंगल
लाखों के नुकसान का अनुमान, डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बुझाई मकान की आग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में आग की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। गत रविवार को जिला मुख्यालय के साथ लगते रामशिला, पीज और सोयल में आग की चिंगारी भड़क उठी। रामशिला में एक मकान में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग की चपेट में एक फोटो स्टूडियो आ गया। दो जगह जंगल में आग लगने की घटना सामने आई है। सेब के करीब 200 पौधे जल गए हैं।
रविवार देर रात को रामशिला में कुल्लू-मनाली वाया टापू-नग्गर सड़क के किनारे तिलक राज के मकान में आग भड़क उठी। मकान की दूसरी मंजिल पर फोटो स्टूडियो था। यह आग की चपेट में आ गया। आग की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलने के बाद दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग पर नियंत्रण पाने में डेढ़ घंटे का समय लगा। फोटो स्टूडियो के साथ स्टोर होने के कारण आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना में दो लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। पांच करोड़ रुपये की संपत्ति को जलने से बचा लिया गया है। पीज और सोयल क्षेत्र के जंगलों में भी आग भड़क उठी। इसमें सेब के करीब 200 पौधे जल गए हैं। हालांकि, ग्रामीणों ने कड़ी मेहनत से दो मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया। आग पर काबू पाने के लिए ग्रामीण डटे रहे।
उधर, दमकल विभाग के फायर ऑफिसर प्रेम भारद्वाज ने कहा कि गत रविवार को आग की तीन घटनाएं हुईं। दो जगह जंगल में आग भड़की और एक मकान आग की चपेट में आ गया। आग की घटनाओं से सतर्क रहने की जरूरत है। सर्दियों का सीजन होने के कारण आग की घटनाएं अधिक हो रही हैं। आग की घटना होने की स्थिति में दमकल विभाग को सूचित करें।