रोपा गांव में पसरा मातम, सेवानिवृत्त अध्यापक पिता के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
संवाद न्यूज एजेंसी
पधर (मंडी)। हिमरी गंगा मेले में स्नान करने गए युवक अजय कुमार की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पैतृक गांव रोपा चौहारघाटी में मातम छा गया। रविवार को पैतृक गांव में अजय का अंतिम संस्कार किया गया।
अजय कुमार के पिता सेवानिवृत्त अध्यापक हैं। शनिवार को अजय अपने बड़े भाई विजय कुमार के साथ हिमरी गंगा तीर्थ स्थल में स्नान करने गया था। विजय शाम को घर लौट आया जबकि अजय मेले के बाद मंडी लौटने के बजाय गवाली में अपने रिश्तेदारों के पास चला गया। यहीं रात को उसके साथ कथित तौर पर मारपीट हो गई।
अजय कुमार एमटीए की पढ़ाई कर रहा था। वह मंडी में किराये के मकान में रहकर सरकारी नौकरी की परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग ले रहा था। हिमरी गंगा मेले में भाई से मिलने के बाद वह मंडी लौटने वाला था लेकिन बाद में गवाली में अपने रिश्तेदार के यहां चला गया। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उसकी जिंदगी की आखिरी यात्रा साबित होगी।
परिजनों के अनुसार अजय अपने बुआ के बेटे दिनेश कुमार के पास गवाली गया था। दिनेश की बिल्डिंग में राजेश मेहता नाम से एक व्यक्ति रेस्टोरेंट चला रहा है। आरोप है कि रेस्टोरेंट की बिल्डिंग में पहले से तीन युवक मौजूद थे। परिजनों का कहना है कि अजय ने रात होने और रेस्टोरेंट बंद होने की बात कहते हुए युवकों से वहां से जाने का अनुरोध किया। इसी बात को लेकर कथित तौर पर बहस हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
मारपीट में अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए पधर अस्पताल लाया गया जहां से मंडी रेफर किया गया। मंडी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।