जोगिंद्रनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के आईटीआई में तकनीकी प्रशिक्षण हासिल कर रहे प्रशिक्षुओं के सोलर, ड्रोन तकनीशियन और सिविल ड्राफ्टमैन के नए कोर्स जल्द शुरू होंगे। इसके लिए तकनीकी शिक्षा विभाग से आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा कर जल्द प्रस्तावित संस्थानों में सैंद्धातिक मंजूरी भी दी जाएगी। शनिवार देर शाम जोगिंद्रनगर पहुंचे तकनीकी शिक्षा निदेशक अक्षय सूद ने यह जानकारी दी। उन्होंने आईटीआई का निरीक्षण किया।
अक्षय सूद ने बताया कि प्रदेश भर के तकनीकी शिक्षण संस्थानों में प्रोफेशनल कोर्सों को शुरू करने के लिए योजना का प्रारूप धरातल में उतारने की कवायद शुरू कर दी गई है। मंडी जिला के लगभग 16 और प्रदेश के करीब 122 आईटीआई संस्थानों में तकनीकी शिक्षा का कौशल हासिल कर रहे 22 हजार से अधिक प्रशिक्षुओं को आत्मनिर्भर बनाने के सरकार के माध्यम से प्रयास जारी हैं।
जोगिंद्रनगर आईटीआई में आरक्षित 412 सीटों में 350 से अधिक प्रशिक्षुओं की तकनीकी शिक्षा में दिलचस्पी पर संस्थान की प्राचार्य इंजीनियर नवीन कुमारी को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि 18 विभिन्न व्यवसायों में दक्ष हो रहे प्रशिक्षुओं को रोजगार दिलाने में भी संस्थान प्रदेश के अन्य संस्थानों में शीर्ष पर रहा है। उन्होंने आईटीआई में चल रही विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया और देर रात तक जारी स्किल इन स्टाइल प्रतियोगिता में प्रशिक्षुओं की पारंपरिक परिधानों में हिमाचल की संस्कृति का उल्लेख और कॉस्मेटोलॉजी ट्रेड की प्रशिक्षुओं द्वारा किए गए मेकअप को सराहा। फैशन शो के प्रतिभागी प्रशिक्षुओं की प्रतिभा को भी सराहा। कार्यक्रम में विशेष तौर पर मौजूद कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर ने भी शिरकत की और संस्थान के कार्यों को सराहा।
संस्थान की प्राचार्य इंजीनियर नवीन कुमारी ने बताया कि मॉडलिंग के क्षेत्र में प्रशिक्षु छात्राओं को अपनी प्रतिभा तराशने के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान करीब 150 प्रशिक्षुओं ने अपनी प्रतिभा दिखाई।